“48 घंटे की बारिश ने जगदलपुर को किया बेहाल! शहर हुआ जलमग्न ,सड़कें बनीं तालाब, घरों में घुसा पानी, इंद्रावती खतरे के निशान के पार”

“48 घंटे की बारिश ने जगदलपुर को किया बेहाल! शहर हुआ जलमग्न ,सड़कें बनीं तालाब, घरों में घुसा पानी, इंद्रावती खतरे के निशान के पार”
जगदलपुर - TIMES OF BASTAR

25 सितम्बर 2026 जगदलपुर :- बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है। इसका असर बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में भी देखने को मिल रहा है। पिछले 48 घंटों से हो रही लगातार बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। सड़कों और निचली बस्तियों में पानी भरने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और कई जगह लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

शहर के धरमपुर रोड, कुमारपारा रोड, सनसिटी रोड, अटल आवास बोधघाट और अटल आवास कुमारपारा सहित कई इलाकों में करीब दो से ढाई फीट तक पानी जमा होने की स्थिति सामने आई है। वहीं शहर की निचली बस्तियों नया मुंडा और अटल आवास में बारिश का पानी कई घरों में घुस गया है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ड्रेनेज सिस्टम पर उठे सवाल

लगातार जलभराव के बाद शहर के ड्रेनेज सिस्टम को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में छोटी नालियों को बड़ी नालियों से जोड़ा गया है, लेकिन कई स्थानों पर नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। बारिश के दौरान नालियों की क्षमता कम पड़ने से पानी सड़कों और बस्तियों में जमा हो जाता है।

लोगों का कहना है कि बारिश रुकने के बाद भी कई घंटों तक पानी जमा रहता है और धीरे-धीरे निकासी होने के बाद ही सड़कें और बस्तियां जलमुक्त हो पाती हैं। इससे आवागमन के साथ-साथ घरों और दुकानों में भी पानी घुसने का खतरा बना हुआ है।

इंद्रावती नदी भी खतरे के निशान के ऊपर

लगातार बारिश के बीच इंद्रावती नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है और नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। नदी और आसपास के क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने से प्रशासन की निगरानी भी बढ़ गई है। लगातार बारिश जारी रहने की स्थिति में निचले इलाकों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी हुई है।

बारिश ने खोली शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल

जगदलपुर में हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती है। इस बार लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर निगम द्वारा छोटी-बड़ी नालियों की नियमित सफाई, जाम स्थानों की पहचान और बेहतर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भारी बारिश के दौरान शहर को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

फिलहाल लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में हालात प्रभावित हैं और लोगों को जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है।