प्रतापगंजपारा की भूमि को लेकर आदिवासी समाज का उग्र विरोध, निगम घेराव कर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
22 जून जगदलपुर :- शहर के मध्य स्थित प्रतापगंजपारा की शासकीय भूमि को दिगंबर जैन समाज को कथित रूप से छलपूर्वक आवंटित एवं विक्रय किए जाने के विरोध में बस्तर सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में सोमवार को व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका निगम जगदलपुर का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भूमि आवंटन प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग उठाई।

आदिवासी समाज के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित समाजजनों ने आरोप लगाया कि प्रतापगंजपारा की उक्त भूमि मूलतः सार्वजनिक एवं शासकीय प्रकृति की है, जिसे नियमों की अनदेखी कर दूसरे समाज को हस्तांतरित करने का प्रयास किया गया है। इसे स्थानीय मूल निवासियों के अधिकारों एवं हितों के विरुद्ध बताया गया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर महोदय के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न सर्व समाज संगठनों की संयुक्त बैठक में पारित प्रस्तावों का उल्लेख करते हुए विवादित भूमि आवंटन को तत्काल निरस्त करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

समाज के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक जन आंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
आदिवासी समाज ने स्पष्ट किया कि भूमि एवं मूल निवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर जिलेभर के सामाजिक संगठनों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।